ईश्वर अर्जुन संवाद श्रीमद्भगवद्गीता अध्याय 2 श्लोक 69 #BhagavadGita, #SpiritualKnowledge, #GeetaGyan, #Motivation, #LifeSolutions, #ArjunaKrishnaDialogue
श्री हरि
""""""बोलो ग्रंथराज श्रीमद्भगवद्गीता जी की जय ||
॥ ॐ श्रीपरमात्मने नमः ॥"
नमस्कार मित्रों! आज हम श्रीमद्भगवद्गीता के दूसरे अध्याय के श्लोक 69 की चर्चा करेंगे। इस श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण ने साधारण मनुष्यों और ज्ञानी पुरुषों के दृष्टिकोण में अंतर को समझाया है। यह ज्ञान हमारे जीवन में जागरूकता और संतुलन की ओर एक बड़ा कदम है।
पिछले वीडियो में हमने श्लोक 67 और 68 की चर्चा की थी, जहाँ इंद्रियों के नियंत्रित होने और बुद्धि की स्थिरता पर जोर दिया गया था। अगर आपने वह वीडियो नहीं देखा है, तो आप उसे जरूर देखें।
"आज के श्लोक में, श्रीकृष्ण कहते हैं कि:
""जो रात है समस्त प्राणियों के लिए, वह ज्ञानी पुरुष के लिए जागरण का समय है, और जो जागरण का समय है सामान्य लोगों के लिए, वह ज्ञानी पुरुष के लिए रात के समान है।""
यह श्लोक हमें यह बताता है कि साधारण मनुष्य भौतिक सुखों और इच्छाओं में उलझे रहते हैं, जबकि ज्ञानी पुरुष आत्मज्ञान और आध्यात्मिकता की ओर अग्रसर रहते हैं। उनके लिए भौतिक सुख और लालसा अंधकार के समान हैं, और सच्चा ज्ञान ही उनके जीवन का प्रकाश है।"
"भगवतगीता अध्याय 2
श्लोक 69
"साधारण मनुष्योंके लिये ब्रह्मानन्दको और तत्त्ववेत्ता पुरुषके लिये विषयसुखको रात्रिके समान बतलाना।
(श्लोक-६९)
या निशा सर्वभूतानां तस्यां जागर्ति संयमी। यस्यां जाग्रति भूतानि सा निशा पश्यतो मुनेः ॥
उच्चारण की विधि
या, निशा, सर्वभूतानाम्, तस्याम्, जागर्ति, संयमी, यस्याम्, जाग्रति, भूतानि, सा, निशा, पश्यतः, मुनेः ॥ ६९ ॥
और हे अर्जुन !
सर्वभूतानाम् अर्थात सम्पूर्ण प्राणियों के लिये, या अर्थात जो, निशा अर्थात रात्रिके (समान है), तस्याम् अर्थात उस नित्य ज्ञानस्वरूप परमानन्दकी प्राप्तिमें, संयमी अर्थात स्थितप्रज्ञ योगी, जागर्ति अर्थात जागता है (और), यस्याम् अर्थात जिस नाशवान्, सांसारिक सुखकी प्राप्तिमें, भूतानि अर्थात सब प्राणी, जाग्ग्रति अर्थात जागते हैं, पश्यतः अर्थात (परमात्माके तत्त्वको) जाननेवाले, मुनेः अर्थातमुनिके लिये, सा अर्थात वह, निशा अर्थात रात्रिके (समान है)।
व्याख्या' या निशा सर्वभूतानाम्' - जिनकी इन्द्रियाँ और मन वशमें नहीं हैं, जो भोगोंमें आसक्त हैं, वे सब परमात्मतत्त्वकी तरफसे सोये हुए हैं। परमात्मा क्या है ? तत्त्वज्ञान क्या है ? हम दुःख क्यों पा रहे हैं? सन्ताप-जलन क्यों हो रही है? हम जो कुछ कर रहे हैं, उसका परिणाम क्या होगा ? - इस तरफ बिलकुल न देखना ही उनकी रात है, उनके लिये बिलकुल अँधेरा है।
यहाँ 'भूतानाम्' कहनेका तात्पर्य है कि जैसे पशु-पक्षी आदि दिनभर खाने-पीनेमें ही लगे रहते हैं, ऐसे ही जो मनुष्य रात-दिन खाने-पीनेमें, सुख-आराममें, भोगों और संग्रहमें, धन कमानेमें ही लगे हुए हैं, उन मनुष्योंकी गणना भी पशु-पक्षी आदिमें ही है। कारण कि परमात्मतत्त्वसे विमुख रहनेमें पशु-पक्षी आदिमें और मनुष्योंमें कोई अन्तर नहीं है। दोनों ही परमात्मतत्त्वकी तरफसे सोये हुए हैं। हाँ, अगर कोई अन्तर है तो वह इतना ही है कि पशु-पक्षी आदिमें विवेक-शक्ति इतनी जाग्रत् नहीं है, इसलिये वे खाने-पीने आदिमें ही लगे रहते हैं और मनुष्योंमें भगवान् की कृपासे वह विवेक-शक्ति जाग्रत् है, जिससे वह अपना कल्याण कर सकता है, प्राणिमात्रकी सेवा कर सकता है, परमात्माकी प्राप्ति कर सकता है। परन्तु उस विवेक-शक्तिका दुरुपयोग करके मनुष्य पदार्थोंका संग्रह करनेमें एवं उनका भोग करनेमें लग जाते हैं, जिससे वे संसारके लिये पशुओंसे भी अधिक दुःखदायी हो जाते हैं। कारण कि पशु- पक्षी तो बेचारे जितनेसे पेट भर जाय, उतना ही खाते हैं, संग्रह नहीं करते; परन्तु मनुष्यको कहीं भी जो कुछ पदार्थ आदि मिल जाता है, वह उसके काममें आये चाहे न आये, उसका तो वह संग्रह कर ही लेता है और दूसरोंके काममें आनेमें बाधा डाल देता है।
'तस्यां जागर्ति संयमी'- मनुष्योंकी जो रात है अर्थात् परमात्माकी तरफसे, अपने कल्याणकी तरफसे जो विमुखता है, उसमें संयमी मनुष्य जागता है। जिसने इन्द्रियों और मनको वशमें किया है, जो भोग और संग्रहमें आसक्त नहीं है, जिसका ध्येय केवल परमात्मा है, वह संयमी मनुष्य है। परमात्मतत्त्वको, अपने स्वरूपको और संसारको यथार्थरूपसे जानना ही उसका रातमें जागना है।
'यस्यां जाग्रति भूतानि'- जो भोग और संग्रहमें बड़े सावधान रहते हैं, एक-एक पैसेका हिसाब रखते हैं, जमीनके एक-एक इंचका खयाल रखते हैं; जितने रुपये अधिकारमें आ जायँ वे चाहे न्यायपूर्वक हों अथवा अन्यायपूर्वक, उसमें वे बड़े खुश होते हैं कि इतनी पूँजी तो हमने ले ही ली है, इतना लाभ तो हमें हो ही गया है - इस तरह वे सांसारिक क्षण भंगुर भोगोंको बटोरनेमें और आदर- सत्कार, मान-बड़ाई आदि प्राप्त करनेमें ही लगे रहते हैं, उनमें बड़े सावधान रहते हैं, यही उन लोगोंका जागना है।
'सा निशा पश्यतो मुनेः '- जिन सांसारिक पदार्थोंका भोग और संग्रह करनेमें मनुष्य अपनेको बड़ा बुद्धिमान्, चतुर मानते हैं और उसीमें राजी होते हैं, संसार और परमात्मतत्त्वको जाननेवाले मननशील संयमी मनुष्यकी दृष्टिमें वह सब रातके समान है; बिलकुल अँधेरा है।
जैसे, बच्चे खेलते हैं तो वे कंकड़-पत्थर, काँचके लाल-पीले टुकड़ोंको लेकर आपसमें लड़ते हैं। अगर वह मिल जाता है तो राजी होते हैं कि मैंने बहुत बड़ा लाभ उठा लिया और अगर वह नहीं मिलता तो दुःखी हो जाते हैं कि मेरी बड़ी भारी हानि हो गयी। परन्तु जिसके मनमें कंकड़-पत्थर आदिका महत्त्व नहीं है, ऐसा समझदार व्यक्ति समझता है कि इन कंकड़-पत्थरोंके मिलनेसे क्या लाभ हुआ और न मिलनेसे क्या हानि हुई? इन बच्चोंको अगर कंकड़-पत्थर मिल भी जायँगे, तो ये कबतक उनके साथ रहेंगे? इसी तरह भोग और संग्रहमें लगे हुए मनुष्य भोगोंके लिये लड़ाई- झगड़ा, झूठ-कपट, बेईमानी आदि करते हैं और उनको प्राप्त करके राजी होते हैं, खुशी मनाते हैं कि हमने बहुत लाभ ले लिया। परन्तु संसारको और परमात्मतत्त्वको जाननेवाला मननशील संयमी मनुष्य साफ देखता है कि भोग मिल गये, आदर-सत्कार हो गया, सुख- आराम हो गया, खा-पी लिया, खूब श्रृंगार कर लिया तो क्या हो गया ? इसमें मनुष्योंको क्या मिला? इनमेंसे इनके साथ क्या चलेगा ? ये कबतक इन भोगोंको साथमें रखेंगे? इन भोगोंसे होनेवाली वृत्ति कितने दिनतक ठहरेगी ? इस तरह उसकी दृष्टिमें प्राणियोंका जागना रातके समान है।
वह मननशील संयमी मनुष्य परमात्माको, अपने स्वरूपको और संसारके परिणामको तो जानता ही है, वह पदार्थोंको भी अच्छी तरहसे जानता है कि कौन-सा पदार्थ किसके हितमें लग सकता है, इससे दूसरोंको कितना लाभ होगा। वह पदार्थोंका अपनी-अपनी जगह ठीक तरहसे सदुपयोग करता है। उनको दूसरोंकी सेवामें लगाता है।
जैसे नेत्रोंमें दोष होनेपर जब हम आकाशको देखते हैं, तब उसमें जाले-से दीखते हैं और आँखें मीच लेनेपर भी मोर पंखकी तरह वे जाले दीखते हैं; परन्तु उनके दीखनेपर भी हमारी बुद्धिमें यह अटल निश्चय रहता है कि आकाशमें जाले नहीं हैं। ऐसे ही इन्द्रियों और अन्तःकरणके द्वारा संसार दीखनेपर भी मननशील संयमी मनुष्यकी बुद्धिमें यह अटल निश्चय रहता है कि वास्तवमें संसार नहीं है, केवल प्रतीतिमात्र है।"
"परिशिष्ट भाव - सांसारिक मनुष्य रात-दिन भोग और संग्रहमें ही लगे रहते हैं, उनको ही महत्ता देते हैं, सांसारिक कार्योंमें बड़े सावधान और निपुण होते हैं, तरह-तरहके कला-कौशल सीखते हैं, तरह-तरहके आविष्कार करते हैं, लौकिक वस्तुओंकी प्राप्तिमें ही अपनी उन्नति मानते हैं, सांसारिक वस्तुओंकी बड़ी महिमा गाते हैं, सदा जीवित रहकर सुख भोगनेके लिये बड़ी-बड़ी तपस्या करते हैं, देवताओंकी उपासना करते हैं, मन्त्र जप करते हैं आदि-आदि। परन्तु जीवन्मुक्त, तत्त्वज्ञ महापुरुष तथा सच्चे साधकोंकी दृष्टिमें वह बिलकुल रात है, अन्धकार है, उसका किंचिन्मात्र भी महत्त्व नहीं है। कारण कि उनकी दृष्टिमें ब्रह्मलोकतक सम्पूर्ण संसार विद्यमान है ही नहीं-'नासतो विद्यते भावः' (गीता २। १६), 'आब्रह्मभुवनाल्लोकाः पुनरावर्तिनोऽर्जुन' (गीता ८। १६) ।
सांसारिक लोग तो संसारमें ही रचे-पचे रहते हैं और ऐसा मानते हैं कि जो कुछ है, वह यही है- 'नान्यदस्तीति वादिनः' (गीता २। ४२) । 'कामोपभोगपरमा एतावदिति निश्चिताः' (गीता १६ । ११)। पारमार्थिक विषयमें उनकी बुद्धि जाती ही नहीं। परन्तु पारमार्थिक साधक पारमार्थिक विषयके साथ-साथ संसारको भी जानते हैं, इसलिये उनके लिये 'पश्यतः' पद दिया है। संसारी लोग तो केवल रातको ही देखते हैं, दिनको देखते ही नहीं, पर योगी दिनको भी देखता है और रातको भी यह दोनोंमें फर्क है। उदाहरणार्थ बालकने केवल बालकपना ही देखा है, जवानी नहीं, पर वृद्ध पुरुषने वृद्धावस्थाके साथ-साथ बालकपना भी देखा है और जवानी भी ! रुपये रखनेवाला व्यक्ति रुपयोंके त्यागको नहीं जानता, पर रुपयोंका त्याग करनेवाला रुपयोंके संग्रहको भी जानता है और त्यागको भी जानता है। यह सिद्धान्त है कि संसारमें लगा हुआ मनुष्य संसारको नहीं जान सकता। संसारसे अलग होकर ही वह संसारको जान सकता है; क्योंकि वास्तवमें वह संसारसे अलग है। इसी तरह परमात्माके साथ एक होकर ही मनुष्य परमात्माको जान सकता है; क्योंकि वास्तवमें वह परमात्माके साथ एक है।
जो 'है' में स्थित है, वह 'है' और 'नहीं'- दोनोंको जानता है, पर जो 'नहीं' में स्थित है, वह 'नहीं' को भी यथार्थरूपसे अर्थात् ' 'नहीं' रूपसे नहीं जान सकता, फिर वह 'है' को कैसे जानेगा ?
नहीं जान सकता। उसमें जाननेकी सामर्थ्य ही नहीं है। 'है' को जाननेवालेका तो 'नहीं' को माननेवालेके साथ विरोध नहीं होता, पर 'नहीं' को माननेवालेका 'है' को जाननेवालेके साथ विरोध होता है।
सम्बन्ध-मननशील संयमी मनुष्यको संसार रातकी तरह दीखता है। इसपर यह प्रश्न उठता है कि क्या वह सांसारिक पदार्थोंके सम्पर्कमें आता ही नहीं? अगर नहीं आता तो उसका जीवन निर्वाह कैसे होता है? और अगर आता है तो उसकी स्थिति कैसे रहती है? इन बातोंका विवेचन करनेके लिये आगेका श्लोक कहते हैं।"
कल के वीडियो में हम श्लोक 70 से 72 की चर्चा करेंगे, जहाँ श्रीकृष्ण परमशांति और ब्रह्मानंद की प्राप्ति के बारे में विस्तार से बताएंगे।
"दोस्तों, अगर आपको हमारा यह वीडियो पसंद आया हो तो इसे लाइक करें और चैनल को सब्सक्राइब करना न भूलें। हमें कमेंट्स में बताइए कि आपने आज के श्लोक से क्या सीखा। साथ ही, कल के श्लोक की चर्चा में आपसे मिलेंगे, तब तक के लिए धन्यवाद!
खास ऑफर:
अपना लर्निंग शेयर करें और 100 लाइक्स पाएं अपने कमेंट पर। इसे अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें और 100 लाइक्स प्राप्त करें, ताकि आपको 2 महीने का YouTube प्रीमियम मुफ्त पाने का मौका मिल सके!
धन्यवाद और फिर मिलेंगे एक नए ज्ञान के साथ!"
बोलो ग्रंथराज श्रीमद्भगवद्गीता जी की जय || जय श्री कृष्ण ||
Comments
Post a Comment